दिलदारनगर। रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को जीआरपी ने राजगीर से नई दिल्ली जाने वाली अप श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन से भूल से उतरे चार वर्ष के बालक को बरामद कर उसके परिजन को सौंप दिया। आरा के भलीपुर गांव का रहने वाले अकबर की पत्नी तमन्ना अपने बच्चों के साथ आरा स्टेशन से श्रमजीवी एक्सप्रेस से दिल्ली जा रही थी। दिलदारनगर स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही बच्चा यात्रियों के साथ नीचे उतर गया। ट्रेन जाने के बाद बच्चा रोने लगा। ड्यूटी पर तैनात जीआरपी प्रभारी डीपी यादव ने बच्चे को अपने पास रख लिया। मुगलसराय ट्रेन पहुंचने के बाद तमन्ना अपने बच्चे को खोजने लगी। उसे कहीं न पाकर रोने लगी। यात्रियों ने बताया कि एक बच्चा दिलदारनगर स्टेशन पर उतरा है। इसके बाद परिजन मुगलसराय जीआरपी को सारी बात बताये। जीआरपी ने दिलदारनगर से संपर्क किया तो पता चला कि बच्चा सुरक्षित है। परिजन दूसरी ट्रेन से दिलदारनगर स्टेशन पर पहुंचे। जीआरपी ने लिखा पढ़ी कर बच्चे को परिवार को सौंप दिया।