सादात(गाजीपुर)। सादात में लगभग 35 करोड़ की लागत से निर्मित 132 केवीए के विद्युत उपकेंद्र का बुधवार को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। मंगलवार को दर्जनों मजदूर साफ-सफाई से लेकर अन्य कार्यों को पूरा करने में लगे रहे। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक यह उपकेंद्र लगभग 35 करोड़ की लागत से बना है। इसका निर्माण कार्य सितंबर 2017 में शुरू हुआ और काफी कम समय में इसी वर्ष अगस्त माह में चार्ज होकर कार्य करने लगा। रिकार्ड समय में बनकर तैयार उपकेंद्र से सात फीडरों को आपूर्ति देने की व्यवस्था है। सात में से चार अर्थात सादात, बहरियाबाद, भुड़कुड़ा और सिरगिथा फीडर काम करने लगा है। उपकेंद्र पर चालीस एमबीए के दो ट्रांसफार्मर के साथ ही सभी मशीनें नई लगाई गयी है। नया कक्ष और भवन बनकर लोकार्पण की बाट जोह रहे हैं। उपकेंद्र के चालू हो जाने के बाद सैकड़ों गांव के उपभोक्ताओं को काफी लाभ मिलेगा। आपूर्ति में सुधार आएगा और लो-वोल्टेज की समस्या दूर होगी।