गहमर (गाजीपुर)। तेज बारिश ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। लंबी दूरी की ट्रेनें तीन से लेकर छह घंटे की देरी से गहमर स्टेशन पहुंच रही हैं। सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों की गति सीमा भी निर्धारित कर दी गई है। वहीं बारिश के कारण किसी प्रकार के परिचालन में परेशानी न हो इसके लिए पटरियों की सतत निगरानी की जा रही है। डाउन में जाने वाली पंजाब मेल अपने निर्धारित समय से सोमवार को गहमर स्टेशन छह घंटे, मंगलवार को अप में विभूति एक्सप्रेस देरी से पहुंची। ट्रेनों के विलंब से परिचालन से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तीन दिनों से गहमर स्टेशन समेत दानापुर रेल खंड के विभिन्न स्टेशन पर ट्रैक मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था ताकि रेल परिचालन सुचारु रूप से हो सके। सोमवार की सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश से रेल यातायात काफी प्रभावित हुआ है। वरिष्ठ अनुभाग अभियंता रेल पथ एनएस शर्मा ने बताया कि बारिश के कारण पटरियों में किसी प्रकार की तकनीकी फाल्ट न आए इसके लिए ट्रैक पर गैंगमैन और इंजीनियरिंग सेक्टर के लोग नजर रखे हुए हैं। गहमर से लेकर चौसा, भदौरा से गहमर तक ट्रैकों की सतत निगरानी की जा रही है। मालूम हो कि बरसात के दिन में ही पिछले वर्ष पंजाब मेल बेपटरी हो गई थी। जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि वहां की जमीन दलदल है, जिससे ट्रैक पर बराबर एक समान दबाव नहीं पड़ता है।