गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनंद कुमार ने उपजिलाधिकारी सदर, मुहम्मदाबाद, जमानिया एवं सैदपुर को पत्र प्रेषित कर बताया कि जिला बाढ़ की दृष्टि से अति संवेदनशील है। यहां वर्ष 2016-17 में भयंकर बाढ़ आ जाने के कारण लगभग 577 ग्राम प्रभावित हुए थे। इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए बाढ़ से निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर तहसील सदर में 27, मुहम्मदाबाद 28, जमानिया 29 एवं तहसील सैदपुर में 30 जून को प्रभारी अधिकारी दैवी आपदा की स्थिति में बाढ़ प्रभावित ग्रामों में ग्राम प्रधान, गणमान्य व्यक्तियों, संबंधित तहसील के बाढ़ केंद्रों, शरणालय स्थल एवं बाढ़ चौकियों पर लगाए गए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, नाविकों और ब्लाक स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों को एनडीआरएफ की टीम प्रशिक्षण देगी।