कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के मेख गांव के ग्राम प्रधान की पत्नी के बैंक खाते से तीन दिन पूर्व 74 हजार रुपये निकालने का मामला बृहस्पतिवार को तहरीर मिलने पर प्रकाश में आया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। मेख गांव निवासी ग्राम प्रधान बाबूलाल की पत्नी मनीता आर्यन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि पति बाबूलाल स्थानीय यूनियन बैंक के एटीएम पर पैसा निकालने के लिए बीते 27 फरवरी को गए थे। वहां पर पैसा नहीं निकलने पर वापस घर आ गए। इसके बाद मोबाइल पर एक-एक कर 73810 रुपये निकलने का मैसेज मिला। किसी ने एटीएम कार्ड बदल लिया है और उसी ने पैसा निकाला है। उन्होंने बताया कि दस हजार रुपये निकालने के लिए पति बाबूलाल प्रसाद जब एटीएम पहुंचे तो वहां पर पीछे खड़ा एक व्यक्ति एटीएम लेकर बताया कि आपके खाते से पैसा कट गया है जो बाद में ठीक हो जाएगा। लग रहा है कि वहीं व्यक्ति मेरा एटीएम बदल लिया है। बैंक शाखा से पता करने पर पता चला है कि हमारे एटीएम से लगभग सात-आठ बार में 73810 रुपये निकाले जा चुके हैं। पीड़िता मनीता आर्यन ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि मामला साइबर क्राइम से जुड़ा है। जांच की जा रही है।