गाजीपुर। प्रदेश सरकार ने कान्वेंट स्कूलों की तर्ज पर परिषदीय विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से पठन-पाठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत जिले के 102 विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम में परिवर्तित किया जा रहा है। प्रथम चरण में चयनित विद्यालयों में अभी संसाधनों का टोटा बरकरार है। इस बीच दूसरे चरण में प्रत्येक ब्लाक में पांच प्राथमिक और कुल 20 उच्च प्राथमिक विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम से संचालित करने का फरमान जारी किया है। जनपद में पहले चरण में चयनित हुए विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होते एक वर्ष से अधिक समय बीत गया है लेकिन उनकी स्थिति संतोषजनक नहीं है। कई विद्यालयों में अंग्रेजी के पर्याप्त शिक्षक ही नहीं हैं। कुछ विद्यालय में एक तो कहीं दो शिक्षक तैनात हैं। यही नहीं कई विद्यालयों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की पुस्तकें भी उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। ऐसी स्थिति में पठन-पाठन का कार्य बाधित हो रहा है। ऐसी परिस्थितियों के बावजूद सरकार अब दूसरे चरण में दर्जनों अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय आदेश के मुताबिक प्रत्येक ब्लाक में पांच प्राथमिक विद्यालय एवं जिले में कुल बीस उच्च प्राथमिक विद्यालय को अंग्रेजी माध्यम में परिवर्तित कर संचालित करने की प्रक्रिया के तहत स्कूलों का चयन कर लिया गया है। जिले में अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों का प्रचलन शुरू होने से बेसिक विद्यालयों के स्तर में कुछ सुधार हुआ है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि चुनाव आचार संहिता के चलते चुनाव बाद प्रक्रिया शुरू होगी।