गहमर कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव के ताड़ीघाट-बारा मुख्य मार्ग स्थित बेकरी एवं किराने की दुकान का रोशनदान तोड़कर चोरों ने शुक्रवार की रात 69 हजार नकदी चुरा लिया। पीड़ित ने शनिवार को चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
बारा गांव निवासी जाफर खान की बारा बस स्टैंड के पास बेकरी एवं किराने की दुकान के साथ-साथ यूनियन बैंक का सीएससी सेंटर भी चलता था। प्रतिदिन की तरह देर शाम जाफर दुकान बंद करके घर चले आए। सुबह जब दुकान पहुंचे तो देखा कि दुकान का रोशनदान टूटा हुआ है और कैश काउंटर में से 69 हजार रुपये गायब हैं। पीड़ित ने इसकी जानकारी बारा चौकी को दी। पीड़ित द्वारा गहमर थाने में इसकी लिखित रूप से शिकायत की गई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके पूर्व भी उसके दुकान से 40 से 50 हजार रुपये की चोरी हुई थी, जिसका आज तक पता नहीं चला। मालूम हो गहमर थाना से 30 मीटर की दूरी पर गांव के ही मनोज चौरसिया के किराने की होलसेल की दुकान से लगभग 27 हजार रुपये कैश काउंटर से निकालने के बाद लाखों रुपये के काजू और बादाम भी चोरी हुई थी। इस घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इस संबंध में कोतवाल पवन उपाध्याय ने बताया चोरी की तहरीर मिली है, जल्द ही चोर सलाखों के पीछे होंगे।