विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र का वितरण करतीं राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवं
- फोटो : कांग्रेस पार्टी
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के तहत चयनित मुख्य सेविकाओं एवं फार्मासिस्टों का नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम बुधवार को लखनऊ में संपन्न हुआ। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में लाइव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा व सुना गया। जनपद में 63 आत्मनिर्भर महिलाओं को मुख्य सेविका के पद पर नियुक्त होने पर नियुक्ति पत्र दिया गया। जनपदस्तर पर नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ विकास भवन सभागार में मुख्य अतिथि व राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने किया। राज्यसभा सांसद ने कहा कि यह नियुक्ति प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में ग्राउंड स्तर पर महिलाओं और बच्चों के विकास में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग में लंबे समय के बाद नियुक्तियां हुई हैं। पूरे प्रदेश में 2425 मुख्य सेविकाओं एवं 13 फार्मासिस्टों को पूरी पारदर्शिता एवं योग्यता के आधार पर चयनित कर नियुक्ति पत्र दिया गया है। जो सरकार की उपलब्धियों को दर्शाता है। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी व सभी सीडीपीओ मौजूद रहे।