सैदपुर। बीते दिनों कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकवादी हमलों में शहीद पूर्वांचल के जवानों के परिजनों के लिए केनरा बैंक अधिकारी संघ आगे आया है। देश के लिए शहीद होने वाले वाराणसी चौबेपुर के तोफापुर निवासी रमेश यादव तथा चंदौली के बहादुरपुर निवासी शहीद अवधेश यादव के सम्मान में उनके परिजनों की सहायता के लिए केनरा बैंक अधिकारी संघ की यूनिट उनके घरों पर पहुंची। उनके परिजनों को सलामी देकर उनकी विधवाओं को 50-50 हजार रुपये का चेक सौंपा। इस बीच बैंक कर्मियों से सम्मानित होकर शहीद रमेश यादव की पत्नी रेनू यादव एवं शहीद अवधेश की पत्नी शिल्पी यादव की आंखें सजल हो उठीं। उन्होंने अपने पतियों की शहादत पर गर्व भी जताया। इस मौके पर सहायक महासचिव आरएन राय, क्षेत्रीय सचिव एवं सैदपुर शाखा प्रबंधक रविशंकर, क्षेत्रीय कमेटी सदस्य नरेंद्र सिंह, नवीन कुमार, अतुल जायसवाल आदि मौजूद थे।