सेवराई। स्थानीय गांव के किसानों ने उप जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर जल्द से जल्द धान के बकाए के भुगतान की मांग की। सेवराई गांव निवासी किसान डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह के नेतृत्व में किसानों ने नवागत उपजिलाधिकारी विक्रम सिंह को पत्र सौंपते हुए बताया कि विगत एक माह पूर्व क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने अपना धान सेवराई धान क्रय केंद्र पर विक्रय किया था। केंद्र व्यवस्थापक द्वारा सैकड़ों किसानों से हजारों कुंतल धान खरीदने के बावजूद उन्हें कोई भी पावती रसीद नहीं दी गई। न ही अब तक उनके खाते में पैसा आया है जिससे किसान चिंतित हैं। किसानों ने उप जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द भुगतान कराने की मांग की। इस बाबत उप जिलाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जल्द से जल्द भुगतान करा दिया जाएगा।