मुहम्मदाबाद। कर्मचारी शिक्षक अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच की बैठक सोमवार को क्षेत्र पंचायत मुहम्मदाबाद के सभागार में हुई। इसमें छह से 12 फरवरी के बीच पुरानी पेंशन बहाली के लिए होने वाली महाहड़ताल की रणनीति पर विचार किया गया। मंच के तहसील संयोजक सूर्यभान कुमार राय ने कहा कि याचना नहीं अब रण होगा, संघर्ष बड़ा भीषण होगा। महा हड़ताल में कोई भी कर्मचारी राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित किसी भी योजना का कार्य नहीं करेगा। सरकार के कहने पर दो माह का समय दिया गया था लेकिन सरकार की ओर से कर्मचारी विरोधी रवैया अपनाने के कारण हमें पुन: सरकार के विरोध में जाना पड़ रहा है। हमारे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। राजीव ओझा ने कहा कि कोई शिक्षक इन दिवसों में कोई विद्यालय नहीं खोलेगा। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष विनोद यादव ने कहा कि राजस्व एवं भूमि से संबंधित कोई भी कार्य महाहड़ताल में नहीं होगा। इस लिए जनता अपना कार्य आज कल में निपटा लें। राज्य कर्मचारी परिषद मुहम्मदाबाद के अध्यक्ष ईश्वरचंद्र राय ने सभी शिक्षकों-कर्मचारियों से पांच फरवरी को जिले पर आयोजित बाइक जुलूस तथा छह फरवरी को प्रस्तावित महाहड़ताल में बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की। बैठक में अटेवा के ब्लॉक अध्यक्ष खुर्शीद आलम, विशिष्ट बीटीसी संघ के अध्यक्ष अमित राय, सफाई कार्मिक संघ के अध्यक्ष प्रेमचंद्र चौधरी, अजय राय, ज्योति सिंह, संतकुमार जायसवाल, नीतू सिंह, प्रमोद शर्मा, मनोज कुमार, अंजनी कुमार यादव, सुरेश यादव आदि उपस्थित थे।