गाजीपुर। भदौरा ब्लाक में किए गए घोटाले की परत दर परत खुलने लगी है। हालांकि जिलाधिकारी की ओर से गठित तीन स्तरीय अधिकारियों की टीम ने अपनी रिपोर्ट सीडीओ को सौंप दी है। जांच अधिकारियों के मुताबिक दस कार्यों में आठ कामों का 54 लाख रुपये का भुगतान बिना बिल लगाए ही कर दिया गया है।भदौरा ब्लॉक क्षेत्र के पथरा गांव में नालों का निर्माण कार्य किए बगैर ही 15 लाख रुपये ले लिए गए थे। मामला संज्ञान में आने के बाद तत्कालीन बीडीओ, ब्लाक प्रमुख, उनके पति और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। साथ ही इनमें ब्लाक प्रमुख को छोड़ सभी को गिरफ्तार कर लिया गया और आरोपी ब्लाक प्रमुख की तलाश की जा रही है। हालांकि वो खुद को निर्दोष बताते हुए कोर्ट की शरण में गई हैं। इधर, पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने दस कार्यों को लेकर शिकायत की, जिसकी जांच जिलाधिकारी ने कराने के लिए तीन अधिकारियों की टीम गठित की, जिसमें पीडी, डीपीआरओ और डीडीओ शामिल थे। जिन्होंने जांच रिपोर्ट सीडीओ को सौंप दी है। पीडी राजेश यादव का कहना है कि जांच रिपोर्ट सीडीओ को सौंप दी गई है। दस में से आठ कार्यों का भुगतान बिना बिल लगाए और बिना भुगतान करने के मांग पत्र के ही कर देने की बात सामने आई है।