जमानिया/कासिमाबाद। जिले में कई जगह भगवान परशुराम की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने उनके आदर्शों को अपनाने और उनके बताए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। स्वयं प्रकाश पांडेय उर्फ बेचू बाबा के संयोजकत्व में आयोजित कार्यक्रम में ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजेश्वर तिवारी ने कहा कि समतामूलक समाज के निर्माण के लिए हम भगवान परशुराम जैसा चरित्र अन्य किसी ऋषि-महर्षि का नहीं पाते। हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह ने भगवान परशुराम को शस्त्र एवं शास्त्र का ज्ञाता बताया। कहा कि एक शूरवीर और प्रतापी महर्षि की छवि लोक मानस में परशुराम जी की है, जो यह प्रमाणित करती है कि वे भगवान विष्णु के अवतार थे। इस अवसर पर पंडित हीरालाल उपाध्याय, प्रबंधक शिवजी सिंह, पंडित बालकृष्ण त्रिवेदी, डॉ. कुंदन पांडेय, जयप्रकाश गुप्ता, डॉ. विजयश्याम पांडेय, अखिलेश कुमार शर्मा आदि उपस्थित थे। कासिमाबाद स्थित महाराणा प्रताप सभागार में परशुराम जयंती कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ब्राह्मण अपने संस्कार और बुद्धिमत्ता के साथ समरसता को अपनाते हुए समाज में अपनी एक अलग पहचान बनाता है। सभी ब्राह्मणों को इस अवसर पर संगठित होने की अपील करते हुए कहा कि भगवान परशुराम ने अत्याचार को बर्दाश्त नहीं किया। इस अवसर पर परशुराम ब्राहमण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सर्वानंद उपाध्याय, गोपाल पांडेय, सीताराम शुक्ला, रामअवतार मिश्र, अशोक पांडेय, राजेंद्र मिश्र, सुरेंद्र उपाध्याय, बृजेश मिश्र, कैलाश तिवारी, अशोक मिश्रा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन हरिकेश तिवारी ने किया।