गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से 2018 सत्र के योग शिक्षार्थियों का योगाभ्यास कार्यक्रम मंगलवार को योग स्थल राजकीय महिला पीजी कॉलेज में प्रारंभ हुआ। इस मौके पर प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सविता भारद्वाज ने वर्तमान समय में योग की बढ़ती महत्ता तथा योग शिक्षार्थियों को अनुशासित होकर योग सीखने का आह्वान किया। योग शिविर के प्रथम दिवस के प्रथम सत्र के अवसर पर योग प्रशिक्षक डॉ. शंभूशरण प्रसाद ने प्रार्थना से योग क्रियाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार, पश्चिमोत्तानासन, धनुरासन, पद्मासन, भुजंगचालन एवं शवासन के बारे में योग शिक्षार्थियों को सिखाया। दूसरे सत्र में योग के बौद्धिक पक्ष पर डॉ. अमित यादव ने प्रकाश डाला। समन्वयक डॉ. शिवकुमार ने शिक्षार्थियों से योग कार्यक्रम के संबंध में फीडबैक एवं सुझाव प्राप्त किए। शिविर तीन नवंबर तक चलेगा।