गाजीपुर। जिले की तीन नगरपालिका परिषद एवं पांच नगर पंचायतों के लिए बुधवार को मतदान कराया गया। सभी आठ निकायों में मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटी को संबंधित तहसील मुख्यालय पर स्थित स्ट्रांग रूम में रखा गया है। सुबह साढ़े सात बजे मतदान का कार्य प्रारंभ हुआ, जो शाम पांच बजे तक चला। मुहम्मदाबाद में मतदाताओं में लाइन में खड़े होने की वजह से निर्धारित के बाद तक मतदान होता रहा। मतदान का कार्य संपन्न होने के बाद मतदान कर्मियों ने निर्धारित स्थानों पर बनाए गए स्ट्रांग रूमों में सुरक्षा व्यवस्था के बीच मत पेटिकाओं को रखा गया। स्ट्रांग रूम शील करने के बाद मतपेटी की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। एक दिसंबर को प्रत्याशियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम का शील तोड़कर मत पेटिकाओं को निकाला जाएगा। इसके बाद मतों की गणना कर परिणाम की घोषणा की जाएगी।