मुहम्मदाबाद (ब्यूरो)। कोतवाली में बुधवार शाम ईद को सकुशल संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक हुई। त्योहार प्रेम और भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई। इस दौरान नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन शमीम अहमद ने स्लाटर हाउस सील करने को अवैधानिक बताया। मीट विक्रेताओं के लाइसेंस का नवीनीकरण कर उन्हें मीट बेचने की अनुमति देनी की मांग की गई। उन्होंने कहा कि मीट मार्केट बंद करने से कुरैशी बिरादरी के सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है। बैठक में उपस्थित लोगों ने नगर के साथ-साथ गांव में भी साफ-सफाई चाक चौबंद करने की मांग की। अध्यक्षता कर रहे एएसपी ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ला ने कहा कि एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में अवैध बूचड़खानों को बंद कराया गया है। मीट विक्रेताओं के आवेदन करने पर उन्हें लाइसेंस दिया जाएगा। बैठक में एसडीएम शिवप्रसाद, सीओ जनार्दन दुबे, ब्लाक प्रमुख रामकृत सिंह यादव, ईओ जयप्रकाश यादव, दिनेश वर्मा, सभासद तहम्मुल खां, बैजनाथ प्रसाद बैजू, रामजी गिरी, गणेश गुप्ता, सोहराब शाह, गोपाल पासी, शाहनिंदा चौकी प्रभारी विजय कुमार यादव, सितारा देवी आदि उपस्थित थीं। कोतवाल पंकज मिश्रा ने आभार जताया।