गाजीपुर। सैदपुर नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। आने वाले दिनों में नगर पंचायत वासियों को पीने के लिए साफ पानी मिलेगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। अमृत 2.0 योजना के तहत सैदपुर नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजलापूर्ति के लिए 42 किलोमीटर नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस कार्य पर 27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही तीन पानी टंकियों का निर्माण होगा। सैदपुर नगर पंचायत में वर्तमान में लगभग 40 वर्ष पुराने पाइप लाइन से पेयजलापूर्ति होती है। लंबे समय से पेयजलापूर्ति की पाइप लाइनों को बदला नहीं गया है। इसके कारण जगह-जगह लोहे की पाइप लाइन जर्जर होकर जंक लग चुकी है। इससे आए दिन लोगों को शिकायत रहती है कि उनके घरों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। लेकिन, लोगों की यह शिकायत अब दूर होने वाली है। सैदपुर नगर पंचायत क्षेत्र में नई पाइप लाइन बिछाने की कवायद काफी तेजी से चल रही है। सैदपुर नगर पंचायत क्षेत्र के 15 वार्डों में 30 हजार की आबादी रहती है। नई पाइप लाइन बिछने से लोगों को फायदा मिलेगा। नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य अगले महीने के अंत से शुरू हो जाएगा।