गाजीपुर। नगर के लंका चुंगी स्थित काशी राम आवास में विद्युत विभाग ने बुधवार को कैंप लगाया, जो देर शाम तक चला। इसमें 135 लोगों ने करीब चार लाख 15 हजार रुपये बिल के रूप में जमा किया। जिन्होंने बकाया जमा किया, उनका विद्युत कनेक्शन जोड़ दिया गया। एक ने नया कनेक्शन लिया। नगर एसडीओ शिवम राय ने बताया कि कांशीराम आवास में कुल छह सौ आवास हैं। बार-बार कहने पर भी आवासों में रहने वाले लोगों की तरफ से विद्युत बिल जमा नहीं किया जा रहा था। इससे विभाग द्वारा आदर्श गांव और लंका चुंगी स्थित कांशीराम आवास का विद्युत कनेक्शन काट दिया गया था। लोगों के कहने पर बुधवार को लंका चुंगी स्थित कांशीराम आवास में विद्युत कैंप लगाया गया। इसमें 135 लोगों ने चार लाख 15 हजार जमा किया। बकाया जमा करने वालों का कनेक्शन जोड़ दिया गया। कहा कि आगे भी कैंप लगाया जाएगा। यदि आदर्श गांव स्थित कांशीराम आवास के लोग भी कहेंगे तो वहां भी कैंप लगा कर बकाया जमा कराया जाएगा। बताया कि उपभोक्ता किश्तों में बकाया जमा कर सकते है। कैंप में सदर एसडीएम, सदर तहसीलदार, जेई चित्रसेन सिंह सहित विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।