बिरनो(गाजीपुर)। बिरनो थाने की पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है। बुधवार की सुबह एसओ धर्मवीर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि शातिर लुटेरे भवरहां पुलिया के पास किसी लूट की घटना को अंजाम देने के लिए खड़े हैं। यह सूचना मिलते ही वह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखते हुए बदमाश भागने लगे। इस पर दौड़कर पुलिस कर्मियों ने नसरतपुर निवासी सुधीर यादव को पकड़ लिया। जबकि उसका साथी सुभाष यादव उर्फ सोनू भागने में सफल रहा। फंदे में आए बदमाश से पूछताछ करने के बाद गुरुवार को पुलिस ने दूसरे बदमाश सोनू को भी नसरतपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि फंदे में आए बदमाश लूट के साथ कई संगीन वारदातों में शामिल रहे। सुधीर एवं सुभाष के खिलाफ बिरनो थाने के साथ ही मऊ सहित कई अन्य जनपदों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके पास से लूट की एक बाइक भी बरामद की गई है। दोनों का चालान भी कर दिया गया है।