सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पर लोगों को टीकाकरण करते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनपद में सोमवार को 220 सेंटरों पर कोविड टीकाकरण का मेगा कैंप लगाया गया। सुबह नौ बजे से ही निर्धारित सेंटरों पर लाभार्थियों की भीड़ एकत्र हो गई। सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक चले टीकाकरण के तहत 40 हजार ने टीका लगवाया। इस दौरान सेंटरों पर पहुंचने वाले लोगों के चेहरे पर मास्क नदारद दिखाई पड़ा, वहीं सोशल डिस्टेसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। जिला और महिला अस्पताल में सुबह नौ बजे से ही लाभार्थी टीकाकरण के लिए पहुंचना शुरू कर दिए थे। साढ़े नौ बजे तक टीकाकरण की टीम पहुंच गई। सुबह दस बजे से दोनों जगहों पर टीकाकरण शुरू हो गया। इस दौरान टीका लगवाने वाले लोगों की भीड़ पंजीकरण कक्ष के सामने लगी हुई थी। दोपहर दो बजे तक धीरे-धीरे लोगों की संख्या कम होने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने राहत की सांस ली। सेवराई संवाददाता के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पर मेगा टीकाकरण कैंप का आयोजन किया गया। सुबह 10:00 बजे शुुरू हुए टीकाकरण में मेडिकल टीमों के कार्य की धीमी गति के चलते लोगों को घंटों कतार में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। टीकाकरण कराने आए लोगों द्वारा मास्क का प्रयोग नहीं किया गया था। परिसर में प्रतीक्षालय के लिए बेंच ना होने और पेयजल की व्यवस्था ना होने के कारण लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ी।