गाजीपुर। नगर निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए बूथों को संवेदनशील और अति संवेदनशील की श्रेणी में चिन्हित किया गया है। इसके तहत सभी आठ निकायों में 89 मतदेय स्थल संवेदनशील, 99 अति संवेदनशील एवं 38 मतदेय स्थल को अति संवेदनशील प्लस के रूप में चिह्नित किया गया है। नगर पंचायत सैदपुर में अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में एक भी मतदान केंद्र एवं मतदेय स्थल नहीं है।
नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोग की ओर से निकायों में स्थापित मतदान केंद्रों-स्थलों की संवेदनशीलता का निर्धारण करने का निर्देश दिया गया था। आयोग का फरमान था कि इनमें जो मतदान केंद्र अपेक्षाकृत अधिक संवेदनशील है उन्हें अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में चिह्नित किया जाए। मतदान केंद्रों-स्थलों को चिह्नित करने के लिए निकायवार उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया था। जिले के आठ नगरीय निकायों में कुल 99 मतदान केंद्र एवं 266 मतदेय स्थल हैं।
इसमें 36 मतदान केंद्र एवं 89 मतदेय स्थल संवेदनशील, 35 एवं 99 अति संवेदनशील तथा 12 मतदान केंद्र एवं 38 मतदेय स्थल अति संवेदनशील प्लस के रूप में चिह्नित किए गए हैं। नगर पालिका परिषद गाजीपुर में 15 मतदान केंद्र एवं 40 मतदेय स्थल संवेदनशील, नौ एवं 24 अति संवेदनशील तथा दो मतदान केंद्र एवं 12 मतदेय स्थल अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं।
इसी तरह नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद में छह मतदान केंद्र एवं नौ बूथ संवेदनशील, तीन मतदान केंद्र एवं बारह बूथ अति संवेदनशील, तीन मतदान केंद्र एवं नौ बूथ अति संवेदनशील प्लस, नगर पालिका परिषद जमानिया में आठ मतदान केंद्र एवं 25 बूथ संवेदनशील, दो मतदान केंद्र एवं चार बूथ अति संवेदनशील एवं दो मतदान केंद्र एवं आठ बूथ अति संवेदनशील प्लस हैं।
इसके साथ ही नगर पंचायत सैदपुर में पांच मतदान केंद्र एवं 12 बूथ संवेदनशील, दो मतदान केंद्र एवं सात बूथ अति संवेदनशील, नगर पंचायत सादात में चार मतदान केंद्र, नौ बूथ अति संवेदनशील, एक मतदान केंद्र एवं दो बूथ अति संवेदनशील प्लस, नगर पंचायत बहादुरगंज में आठ मतदान केंद्र एवं 19 बूथ अति संवेदनशील, एक मतदान केंद्र एवं चार बूथ अति संवेदनशील प्लस हैं।
इसके अलावा नगर पंचायत जंगीपुर में दो मतदान केंद्र एवं तीन बूथ संवेदनशील, तीन मतदान केंद्र एवं सात बूथ अति संवेदनशील तथा एक मतदान केंद्र एवं एक बूथ अति संवेदनशील प्लस एवं नगर पंचायत दिलदारनगर में चार मतदान केंद्र, 17 बूथ अति संवेदनशील तथा दो मतदान केंद्र एवं दो बूथ को अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं।
पालिका परिषदों में 25-25 वार्ड
गाजीपुर। जिले में कुल आठ नगरीय निकाय हैं। इनमें तीन नगर पालिका परिषद एवं पांच नगर पंचायत हैं। इन निकायों में 136 वार्ड हैं। नगर पालिका परिषद गाजीपुर, नगर पालिका परिषद जमानिया एवं नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद में 25-25 वार्ड हैं। इसी तरह नगर पंचायत जंगीपुर में 11, दिलदारनगर में 11, बहादुरगंज में 13, सैदपुर में 15 एवं नगर पंचायत सादात में 11 वार्ड हैं।
उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित 5 सदस्यीय समिति ने सभी निकायों में संवेदनशील, अति संवेदनशील तथा अति संवेदनशील प्लस बूथों का निर्धारण कर लिया है। - राजाराम वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत-नगरीय निकाय
आठ निकायों में 225720 मतदाता
गाजीपुर। जिले के आठ नगरीय निकायों में 121094 पुरुष एवं 104626 महिला सहित कुल 225720 मतदाता हैं। सबसे अधिक मतदाता नगर पालिका परिषद गाजीपुर में 50586 पुरुष एवं 43732 महिला सहित कुल 94318 हैं। इसी तरह नगर पालिका परिषद जमानिया में 16458 पुरुष एवं 13321 महिला संग 29779 तथा नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद में 16950 पुरुष एवं 15234 महिला सहित कुल मतदाताओं की संख्या 32184 है। इसके अलावा नगर पंचायत सैदपुर में 10908 एवं 9524 सहित कुल 20432, सादात में 5781 एवं 4996 सहित 10777, बहादुरगंज में 8093 एवं 7255 सहित 15348, जंगीपुर में 5702 एवं 5104 सहित 10806 तथा नगर पंचायत दिलदारनगर में 6616 पुरुष एवं 5460 महिला सहित कुल 12076 मतदाता हैं।