सेवराई। शिक्षा क्षेत्र भदौरा के समस्त 35 शिक्षकों ने संकुल के पद शनिवार को सामूहिक रूप से त्याग पत्र दे दिया। खंड शिक्षा अधिकारी की गैरमौजूदगी में सामूहिक त्याग पत्र उनके कार्यालय सहायक नितेश कुमार सिंह को सौंपा गया।
शिक्षक संकुलों ने पत्रक के जरिए कहा कि वे बीते चार वर्षों से विभिन्न न्याय पंचायतों में शिक्षक संकुल के पद पर कार्यरत हैं। विभाग द्वारा शिक्षक संकुलों को अपने विद्यालय के साथ-साथ कई अन्य विद्यालयों के विभागीय सूचनाओं का आदान-प्रदान, दीक्षा प्रशिक्षण, डीबीटी व यूडायस प्लस पोर्टल पर डाटा फीडिंग जैसे कार्यों को बिना विद्यालय छोड़े करवाने का आदेश जारी किया गया है। प्रत्येक माह दोपहर 3 से 5 बजे तक न्याय पंचायत स्तरीय मासिक बैठक का कार्य भी अनिवार्य किया गया है। इन कार्यों में शिक्षकों का व्यक्तिगत समय व पैसा खर्च होता है। साथ ही शिक्षकों के विद्यालय में शिक्षण कार्य भी प्रभावित होता है। इन कार्यों के लिए शिक्षक संकुलों को किसी भी प्रकार का पारिश्रमिक नहीं दिया जाता है। इसके अलावा संकुल क्षेत्र के विद्यालयों द्वारा अपने कार्यों को समय से न करने पर शिक्षक संकुल की जवाबदेही तय कर दी जाती है जो किसी भी प्रकार से उचित नहीं कि है। इन हालात में शिक्षक संकुल का कार्य करना संभव नहीं है। इस मौके पर दिनेश चौरसिया, पवन कुमार सिंह, अजित कुमार शर्मा, अनिल कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
एक्स पर अभियान को सफल बनाने का निर्णय
गाजीपुर। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक शनिवार को शिक्षक भवन पर हुई। सभी ब्लाकों के शिक्षकों की ओर से ऑनलाइन अटेंडेंस असहमति पत्र जमा किया गया। जिले के पांच हजार शिक्षकों की ओर से डिजिटिलाइजेशन के विरोध में सहमति जताई गई। 14 को एक्स पर अभियान और 15 जुलाई को बीएसए को पत्रक सौंपने के कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर जितेंद्र कुमार यादव, राजेश यादव, राजेश सिंह, महातिम यादव, प्रेम प्रकाश यादव आदि मौजूद रहे। संवाद