गाजीपुर। प्रदेश में संचालित विभिन्न आवासीय खेल छात्रावासों में प्रवेश के लिए जिला और मंडल स्तर पर हाॅकी, फुटबाॅल, एथलेटिक्स, क्रिकेट, जिम्नास्टिक, कुश्ती, बैडमिंटन आदि खेलों में चयन-ट्रायल आयोजित किया गया था। इसमें विभिन्न खेलों में जिले के करीब 33 खिलाड़ियों का चयन केंद्रीय प्रशिक्षण के लिए हुआ है। एक पखवारे तक चलने वाले इस कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन संबंधित स्पोर्ट्स हास्टल के लिए किया जाएगा। जिला क्रीड़ाधिकारी अरविंद यादव ने बताया कि जिम्नास्टिक में दो बालिका, फुटबाॅल में चार बालक, हाॅकी में पांच बालक एवं दो बालिका, एथलेटिक्स में दो बालक, एक बालिका, कबड्डी में एक बालिका, कुश्ती में तीन बालक और इतनी ही बालिकाओं का चयन हुआ है। इसी प्रकार बास्केटबाल में एक बालिका, क्रिकेट में चार बालक, वालीबाल में तीन बालक एवं बैडमिंटन में 2 बालकों का इस प्रशिक्षण कैंप के लिए चयन किया गया है।