गाजीपुर। जमीन रजिस्ट्री करने के नाम पर करीब 17 लाख की ठगी करने वाले ठगबाजों ने अब पीड़ित परिवार को खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहे है। इधर पीड़ित परिवार न्याय की दरकार में पुलिस महकमे का चक्कर काट रहा है। जबकि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस पूरी तरह से निष्क्रिय बनी हुई है। कासिमाबाद थाना क्षेत्र के उरहा जगदीशपुर गांव निवासी विजय लक्ष्मी ने पुलिस अधीक्षक से लेकर सीएम तक को पत्र भेजा। लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिल सका। पीड़िता ने शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि खजूरगांव निवासी सुरेश पांडेय की जमीन खरीदने के उसके ससुर ने 83 हजार 500 की नोटरी खरीदकर जमीन की रजिस्ट्री करने के लिए हस्ताक्षर करने को कहा। इस पर सुरेश पांडेय ने पहले खाते में 17 लाख रुपये डालने के बाद ही हस्ताक्षर करने की बात कही। इसके बाद पीड़िता के ससुर ने अपने यूबीआई खाते से आरटीजीएस के माध्यम से सुरेश पांडेय के आलमपट्टी स्थित इलाहाबाद बैंक में पैसा स्थानांतरण कर दिया। पैसा स्थानांतरण होते ही सुरेश पांडेय की नियत खराब हो गई और जमीन बेचने से मना कर दिया। इसके बाद जान से मारने धमकी देना शुरू कर दिया। बताया कि ससुर ने बीते नौ मार्च और 23 मार्च को शिकायतपत्र एसपी को देकर न्याय की गुहार लगाई। कोई कार्रवाई जब नहीं हुई तो बीते चार अप्रैल को कासिमाबाद थाने में सुरेश पांडेय, राकेश पांडेय, सोनबरसा निवासी प्रताप चौहान, फत्तेपुर निवासी श्याम देव, नोनहरा थाना क्षेत्र के बभनौली गांव निवासी मिथिलेश मिश्रा, मिरजापुर गांव निवासी सूर्यकांत सिंह उर्फ शिवजी सिंह और बहरामपुर निवासी गोरख यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद भी पुलिस द्वारा इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने एसपी से लेकर सीएम तक सुरेश पांडेय सहित अन्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ न्याय की गुहार लगाई।