सुहवल। अंडर-14 विद्यालयीय यूपी खो-खो टीम में विनय पटेल ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता से वापस लौटने पर मंगलवार को विद्यालय में उसका स्वागत कर उसे सम्मानित किया गया। महाराष्ट्र के सांग्ली जिले में 27 से 30 दिसंबर तक 63वीं अंडर 14 राष्ट्रीय विद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता आयोजित थी। इसमें रेवतीपुर ब्लाक के उधरनपुर गांव निवासी एवं श्रीकृष्ण इंटर कालेज डेढ़गांवा के कक्षा-7 के छात्र विनय ने यूपी टीम का प्रतिनिधित्व कर शानदार प्रदर्शन किया। उसने अपनी टीम को सेमीफाइनल तक का सफर कराया। सेमीफाइनल में कर्नाटक के खिलाफ 4-2 से पराजित होने पर तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में यूपी ने गुजरात को 6-3 से पराजित किया। मंगलवार को विनय के स्कूल पहुंचने पर श्रीकृष्ण इंटर कालेज के प्रधानाचार्य राजेश राय, उत्तर प्रदेश विद्यालयीय खो-खो टीम के चयनकर्ता एवं कोच लालबहादुर यादव आदि ने उसको स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। अरुण राय, संजय, नंदकिशोर, हरिलाल राम, प्रेमशंकर मिश्रा, अखिलेश राय आदि उपस्थित थे।