मरदह गांव में मवेशी को टीका लगाते कर्मी। संवाद
मरद़ह। विकासखंड क्षेत्र के 63 ग्राम पंचायतों में मवेशियों में मुंहपका और खुरपका रोग से बचाने के लिए व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। 22 जुलाई से 26 जुलाई तक करीब तीन हजार पशुओं के बीच टीका लगाया गया।राजकीय पशु चिकित्साधिकारी डॉ.चन्द्रकांत सिंह ने बताया कि, बारिश के मौसम में पशुओं में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। खुरपका-मुंहपका से पशुओं के मुंह और पैरों में छाले और घाव हो जाते हैं, जिससे पशु चलने-फिरने और खाने-पीने में असमर्थ हो जाते हैं। इससे बचाने के लिए विकासखंड में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। पांच सितंबर तक चलने वाले इस अभियान में गोवंश व भैंसों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए पशुपालन विभाग की अलग-अलग टीमें गठित कर हैदरगंज,गांई, सिगेंरा, इंदौर, सुलेमापुर, देवकली, नसरतपुर, अविसहन, बीरबलपुर, पलिया, रानीपुर, मरदह समेत सभी गांवोें के घर-घर जाकर पशुओं को टीका लगा रही है। इन रोगों के होने से पशुओं में दूध उत्पादन की क्षमता कम हो जाती है। वहीं, पशुओं में गर्भपात का खतरा बढ़ जाता है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसी कारणवश कोई पशु टीकाकरण से छूट जाता है, तो पशु पालक विभाग की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1962 पर संपर्क कर इसकी जानकारी दे सकता है। इस मौके पर डॉ शाहिद अंसारी, सुहेल अहमद, आशुतोष यादव, मंतोष राजभर, अभिमन्यु यादव, विनोद पासवान आदि मौजूद रहे।