मुहम्मदाबाद। मुहम्मदाबाद में जमीन उपलब्ध कराने पर 30 बेड का हास्पिटल बनवाया जाएगा। उक्त आश्वासन प्रदेश के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालु ने शनिवार को दिया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार किसानों, महिलाओं, नौजवानों एवं गरीबों के लिए योजनाएं बनाकर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में लगी है। पिछले 70 साल में गरीबी हटाने एवं सबको आवास देने की बातें तो की गईं, लेकिन उसका लाभ जनता को नहीं मिला। वर्ष 2014 में मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद गरीबों को प्रधानमंत्री आवास, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न दिया गया। साथ ही उज्ज्वला योजना में मुफ्त गैस सिलिंडर, किसानों के खाते में छह हजार रुपये भेजे गए।
मुहम्मदाबाद में 30 बेड के आयुर्वेदिक हाॅस्पिटल को हटाकर बालापुर पीएचसी में ले जाने के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आयुष मंत्रालय बनने के बाद किराए के मकान में चल रहे अस्पतालों को हटाने और नए हास्पिटल बनाने का कार्य चल रहा है। अगर कोई व्यक्ति अपने माता-पिता के नाम पर हॉस्पिटल बनाने के लिए जमीन उपलब्ध करा देता है तो राज्य सरकार उस पर हाॅस्पिटल बना देगी। कहा कि कहीं दवाओं की कमी नहीं है।
इसके पूर्व माल्यार्पण के बाद समाजसेवी डाॅ. ओमप्रकाश गिरि ने बुके व अंगवस्त्रम देकर आयुष मंत्री को सम्मानित किया। इस मौके पर भाजपा नेता विरेंद्र राय, सुरेशचंद्र गिरि, प्रमोद राय, सौरभ राय आदि मौजूद थे।