गाजीपुर। प्रयागराज में लगे महाकुंभ के लिए स्थानीय डिपो की 40 बसें आरक्षित की गईं हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए जमानिया, बदलापुर एवं मछलीशहर में विभिन्न मेला प्वाइंट बनाए गए हैं। रविवार को डिपो से दो मेला और एक शेड्यूल बस प्रयागराज के लिए भेजी गईं। तीनों बसों में करीब 90 यात्री सवार थे। प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन किया गया है। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचेंगे। इनकी सुविधा के लिए राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से विभिन्न डिपो की बसें रिजर्व की गईं हैं। इसमें गाजीपुर डिपो की भी 40 बसें हैं। इनको निर्धारित मेला प्वाइंटों से यात्रियों के उपलब्ध होने पर चलाया जाएगा। इसमें जमानिया से 10, बदलापुर से 25 और मछलीशहर से 5 बसें यात्री मिलने पर चलाई जाएंगी। यही नहीं प्रयागराज में आसपास के क्षेत्रों से स्नानार्थियों को मेला क्षेत्र तक लाने एवं ले जाने के उद्देश्य से निगम की तरफ से शटल बसों का संचालन किया जा रहा है। इसके लिए डिपो की 8 बसें जाैनपुर भेजी गईं हैं। रविवार को तीन में एक शेड्यूल तथा दो मेला बस प्रयागराज, 6 बदलापुर और एक जमानिया के लिए भेजी गई। प्रयागराज जाने वाली प्रत्येक बसों में करीब 25-30 यात्री उपलब्ध थे।