जमानिया तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्या को सुनतें डीएम अविनाश कुमा
गाजीपुर। जिले की सात तहसीलों के सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 294 शिकायतें आईं और सिर्फ 26 का ही मौके पर निस्तारण हुआ। सदर तहसील में एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हुआ। समाधान दिवस के दौरान कुल 294 शिकायतें आईं। मौके पर 26 का निस्तारण हुआ। उधर, मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जमानियां तहसील सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुआ। यहां 55 शिकायतें आईं। इनमें 10.9 प्रतिशत यानी मौके पर 06 शिकायतों का समाधान हो सका। डीएम ने शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों /कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीन के विवाद और आपसी विवाद को राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण करें। वहीं, सदर तहसील में रविश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई आयोजित समाधान दिवस में 55 शिकायतों में से एक का भी निस्तारण नहीं हुआ रहा। वहीं, मुहम्मदाबाद में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी की अध्यक्षता में 41 शिकायतों में से सात का मौके पर निस्तारण किया गया। जखनियां तहसील में एसडीएम अतुल कुमार की अध्यक्षता में 70 शिकायतें आईं। इसमें मौके पर 04 का निस्तारण किया गया। कासिमाबाद में एसडीएम लोकेश कुमार की अध्यक्षता में 26 शिकायतों में से 03 निस्तारण किया गया। सैदपुर में एसडीएम रामेश्वर सुधार सबड़वाल की अध्यक्षता में 24 शिकायतें आई। इसमें से मौके पर 03 का निस्तारण किया गया एवं सेवराई में तहसीलदार सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में 23 शिकायतें आई, जिसमें 03 का मौके पर निस्तारण किया गया।