दिलदारनगर। पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र के कसेरुआ मोड़ नगर पुलिया के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से बोरी में 26 किलो 800 ग्राम गांजा, बाइक, दो मोबाइल और 765 रुपये बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि दो लोग गांजा लेकर कसेरुआ मोड़ नगर पुलिया के पास आ रहे हैं। सूचना पाकर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। वहां दो व्यक्ति आते हुए नजर आए। पास आने पर उन्हें रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर आरोपी घबरा गए और पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। उनके पास मौजूद बोरे की तलाशी ली गई तो उसमें से 26 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही बाइक, दो मोबाइल और 765 रुपये नगद भी बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों की पहचान मदन गुप्ता और विश्वजीत गुप्ता उर्फ आकाश गुप्ता निवासी ग्राम बडौरा थाना रामगढ़ जनपद कैमूर भभुआ बिहार के रूप में हुई। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दो आराेपियों को गिरफ्तार किया गया है। संवाद