ट्रक से ले जाए जा रहे 22 गोवंश बरामद, तीन गिरफ्तार
पकड़े गए तीनों तस्कर बलिया के निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
भांवरकोल। पुलिस ने शनिवार की देर रात एक ट्रक में लादकर ले जाए जा रहे 22 गोवंशों को बरामद किया है। साथ ही ट्रक में सवार चालक समेत तीन पशु तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद रविवार को चालान कर न्यायालय भेज दिया।
प्रभारी थानाध्यक्ष ओंकार तिवारी ने बताया कि वह अपने हमराहियों के साथ शनिवार की रात गश्त पर थे। राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर मुहम्मदाबाद की तरफ से आ रहे संदिग्ध ट्रक के नजदीक आने पर रोककर जांच की गई। ट्रक में 22 गोवंश लदे मिले। ट्रक में चालक सहित कुल तीन युवक भी बैठे हुए थे।
पुलिस ने सभी को गिरफ्तार करके पूछताछ की तो ट्रक चालक ने अपना नाम सत्येंद्र यादव निवासी फेफना थाना क्षेत्र तीखापुर का निवासी बताया। दूसरा मुन्ना यादव उर्फ गर्जन भरौली, नरही थाना बताया। इसी तरह तीसरे ने अपना नाम विक्रम गुप्ता कोटवा नारायणपुर, नरही थाना का निवासी बताया। पकड़े गए तीनों तस्कर बलिया के हैंं।
पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी का चालान न्यायालय भेज दिया। वहीं पकड़े गए वाहन को सीज कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक तलाशी से दौरान 3960 रुपये और तीन मोबाइल फोन भी मिले थे। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।