कासिमाबाद(गाजीपुर)। लेखपाल अनिल प्रजापति के हमलावरों की गिरफ्तारी न होने से नाराज लेखपालों ने सोमवार को सुबह दस से दो बजे बजे तक कार्य बहिष्कार कर तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। लेखपालों ने उप जिलाधिकारी को पत्र देकर हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि यह सांकेतिक विरोध प्रदर्शन था। संघ ने निर्णय लिया है कि अगर 27 दिसंबर तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो तहसील के समस्त लेखपाल 28 दिसंबर से अनिश्चित कालीन कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन करेंगे। तहसील अध्यक्ष चितरंजन कुमार चौहान ने कहा कि हमेशा लेखपालों के हक के लिए संघर्ष करते रहेंगे। कहा कि लेखपालों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन एवं नारेबाजी करने वालों में लेखपाल संघ के महामंत्री संजय पांडेय, बलवंत सिंह, इंद्रमणि ग्वाल, शिवाजी सिंह, जनार्दन पांडेय, अनिल कुमार, मरछू आदि शामिल थे।