मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक मंगलवार को हुई। इसमें स्थानीय कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया। अधिवक्ताओं ने पिछले 23 मई को रजिस्ट्री कार्यालय के सामने अधिवक्ता अनिल कुमार के ऊपर हुए जानलेवा हमले के बाद पकड़े गए आरोपियों को छोड़ देने के मामले में 24 मई को विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान कासिमाबाद सीओ डॉ. कृष्णकांत सरोज की ओर से दिए गए आश्वासन के अनुरूप कार्रवाई न होने पर आक्रोश प्रकट करते हुए 29 और 30 मई को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। प्रस्ताव पास कर अल्टीमेटम दिया कि 48 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन एवं कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिल कर सारे घटना क्रम से उन्हें अवगत कराएगा। बैठक की अध्यक्षता कमला प्रसाद राय ने किया।