प्रदेश के परिवहन आयुक्त पी गुरुप्रसाद ने शुक्रवार को ताड़ीघाट-बारा मार्ग, भदौरा-दिलदारनगर मार्ग, निर्माणाधीन 200 केवीए पावर ट्रांसमिशन हाउस, भदौरा बाजार की सड़क, भदौरा विकासखंड, तहसील सेवराई एवं बाल विकास कार्यालय का निरीक्षण किया। ताड़ीघाट-बारा मार्ग के निरीक्षण के समय जमानिया विधायक सुनीता सिंह भी मौजूद रहीं। उन्होंने सड़क निर्माण में हो रहे विलंब के बाबत परिवहन आयुक्त को इसकी जानकारी दी। परिवहन आयुक्त ने उपस्थित ठेकेदार को काम में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने को कहा। कहा कि बरसात आने के पहले यह सड़क बना ली जाए। ठेकदार ने बताया कि 300 मीटर सड़क प्रतिदिन बनाई जा रही है। आयुक्त ने इसकी क्षमता बढ़ाने का निर्देश दिया। कहा कि सड़क में बाधा उत्पन्न करने वाले बिजली के खंभों एवं पेड़ जो भी संबंधित अधिकारी के पास हों उसे तत्काल हटवा दें। जिससे कार्य में रुकावट न आने पाए। भदौरा में निर्मार्णाधीन 200 केवीए पावर हाउस के बाबत जानकारी लेने पर बताया गया कि इसमें कुछ विलंब है, लेकिन इसके बगल में बने 132 केवीए पावर हाउस से शीघ्र विद्युत आपूर्ति शुरू हो जाएगी। जमानिया विधायक ने पावर हाउस के निर्माण में आने वाली दिक्कतों को बिजली विभाग के अधिकारियों से लिखित रूप में देने को कहा जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके। इसी प्रकार उन्होंने बिजली के जर्जर तारों को बदलने एवं ट्राली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करने को कहा। जिसके बारे में बताया गया कि इसलिए विभाग के पास कोई बजट उपलव्ध नहीं है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कई ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की गयी है जिससे विद्युत में आने वाली शिकायतों में कमी आएगी। बाल विकास परियोजना के निरीक्षण के समय अधिकारी उपस्थित नहीं थे। कार्यालय में साफ-सफाई का अभाव पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी चंद्रविजय सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता विद्युत प्रथम, द्वितीय, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दूबे तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।