गाजीपुर। शहर के गोराबाजार स्थित बनकर तैयार 200 बेड के जिला अस्पताल को संचालित करने से पहले सीएमएस एसएन प्रसाद ने गुरुवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित भवन में निर्माण इकाई की ओर से चल रहे कार्यो व शेष बचे कार्यो के बारे में जानकारी के साथ परिसर में लगे नल और पाइप लाइन को भी देखा। नवनिर्मित अस्पताल के शीघ्र संचालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से भाग-दौड़ तेज कर दी गई है। कार्यदायी संस्था की ओर से छोटे-छोटे कार्यो को पूर्ण नहीं करने से स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूर्ण करने का निर्देश निर्माण इकाई को दिया गया है। विभागीय सूत्रों को मानी जाए तो अभी तक पानी की व्यवस्था सुचारु नहीं हो पाई है। जबकि अभी अधिकांश वार्डो में बिजली की वायरिंग तक पूरी नहीं है। पीने के पानी के लिए मात्र एक हैंडपंप ही लगाया गया है। अभी तक पूरे अस्पताल के नवनिर्मित भवन में पाइप लाइन तक नहीं बिछाई गई है। विभाग की ओर से निर्माण इकाई को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में सीएमएस डॉ. एसएन प्रसाद ने बताया कि सभी कार्य पूर्ण कर हैंडओवर करने का निर्देश निर्माण इकाई के अधिकारियों को दिया गया है।