गाजीपुर। पीआरडी संघ के जिलाध्यक्ष रामलाल गुप्ता के नेतृत्व में रविवार को सदस्यों ने प्रांतीय रक्षक दल एवं होमगार्ड विभाग के मंत्री अनिल राजभर से मुलाकात कर उन्हें पत्रक सौंपा। पत्रक के माध्यम से मांग करते हुए कहा कि प्रांतीय रक्षक दल के जवानों को नियमित करते हुए राज्यकर्मी का दर्जा दिया जाए। पत्रक में कहा कि प्रदेश में लगभग एक लाख सशस्त्र प्रशिक्षण प्राप्त पीआरडी के जवान हैं। आजादी से पहले इस विभाग का गठन किया गया था। इसके जवानों को बीते वर्ष 1997 तक मानदेय भी मिलता था। बसपा की सरकार आने पर मानदेय बंद हो जाने से जवानों की दशा दयनीय हो गई। पीआरडी के जवान भुखमरी एवं बेकारी की जिंदगी जी रहे हैं। कहा कि वर्तमान सरकार प्रांतीय रक्षक दल के जवानों को गृह विभाग से जोड़कर नियमित करते हुए राज्य कर्मचारी का दर्जा दे। इस मौके पर रामदयाल यादव, प्रमिला देवी, माया देवी, अक्षय कुमार, चंद्रदेव कुशवाहा, श्रीराम, लल्लन दूबे, रामअवध, सीताराम, श्याम, हरीराम आदि मौजूद रहे।