गाजीपुर। शहर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित चर्चों में क्रिसमस की तैयारी शुरू हो गई है। चर्चों की रंगाई-पुताई के साथ ही बिजली की झालरों आदि से सजाने का कार्य पिछले कई दिनों से किया जा रहा है। 25 दिसंबर को क्रिसमस मनाया जाएगा। मसीही समुदाय के लिए यह सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। पर्व को लेकर समुदाय के लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। शहर के तुलसीसागर स्थित पुरानी चर्च, सिंचाई विभाग चौराहा स्थित लूर्द माता चर्च के साथ ही जिले में स्थित चर्चों में पर्व की धूम दिखाई देने लगी है। पुरानी चर्च में पिछले कई दिनों से साफ-सफाई के साथ ही रंगाई-पुताई और सजावट का कार्य चल रहा है। पर्व से पहले समुदाय के लोग इस कार्य को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।