दिलदारनगर(गाजीपुर)। पटना-दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड के धीना और सकलडीहा स्टेशन के बीच अप लाइन में रेल पथ विभाग की ओर से रेल पटरी के मरम्मत कार्य के कारण मंगलवार की सुबह 10:35 से दोपहर 12:35 बजे तक दो घंटे का ब्लॉक दानापुर नियंत्रण कक्ष से लिया गया था। ब्लॉक के चलते मेमू पैसेंजर ट्रेन भदौरा एवं स्थानीय स्टेशन पर आधा-आधा घंटा रुकी रही। दिन में 12:35 बजे ब्लॉक खत्म होने पर ट्रेन आगे की ओर रवाना हुई। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। ब्लॉक के कारण पैसेंजर ट्रेन को विभिन्न स्टेशनों पर रोक-रोककर चलाने के कारण अपने गंतव्य स्टेशन को जाने वाले यात्री परेशान हो गए थे। स्टेशन अधीक्षक नफीस खां ने बताया कि रेल पटरी की मरम्मत होने के कारण दानापुर नियंत्रण कक्ष के निर्देश पर मेमू पैसेंजर ट्रेन को रोक-रोक कर चलाया गया।