गाजीपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आगमन 30 नवंबर को जिले में होगा। उनके आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम के लिए जिलाधिकारी के बालाजी ने मंगलवार को जनसभा के लिए पीजी कॉलेज मैदान में लगाए जा रहे टेंट, बैरीकेटिंग, प्रवेश एवं निकास द्वार, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं हेलीपैड निर्माण के लिए पुलिस लाइन मैदान में अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उप मुख्यमंत्री दिन में 11 बजे लखनऊ से प्रस्थान कर 12.20 बजे पुलिस लाइन स्थित हैलीपैड पहुंचेंगे। दोपहर 12.30 बजे पीजी कॉलेज स्पोटर्स ग्राउंड में मंडल स्तरीय लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करेंगे। इसके बाद उपस्थित जनसभा को संबोधित करेंगे। दिन में 1.45 बजे लोक निर्माण विभाग के डाक बंगला में पार्टी पदाधिकारियों/अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। अपरान्ह 2.55 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।