कर्मचारियों पर आरोप- मामला खुलने के बाद कुछ थीसिस वापस आलमारी में रखा
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में पुरानी 200 थीसिस चोरी होने से हड़कंप मच गया। संकाय के ही दो कर्मचारियों पर चोरी का आरोप लगा है। शुक्रवार को छात्रों और विभागीय प्रोफेसरों की नाराजगी बढ़ने के बाद संकाय स्तर की बैठकें हुईं और कुलपति तक शिकायत की गई। बताया जा रहा है कि पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड होने और मामले के सामने आने के बाद कर्मचारियों ने कुछ थीसिस को वापस रख दिया। छात्रों ने बताया कि उन्हें अभी तक इसका पता नहीं चल पा रहा है कि इसे रद्दी के भाव में बेचा या फिर कोई थीसिस खरीद-फरोख्त से जुड़ा मुद्दा है। छात्रों के मुताबिक जो भी थीसिस रिकवर हुई उसमें 1990 के बाद की कोई थीसिस नहीं है। छात्रों का कहना है कि ज्योतिष विभाग जांच और रिकवरी के लिए अड़ गया है। छात्रों ने अंदेशा लगाया कि यह बाजार में गया तो फिर इससे डुप्लीकेट थीसिस बनाकर कई और थीसिस बनाई जा सकती है। दरअसल, पुरानी थीसिस से कभी कुछ भी कॉपी नहीं हुआ होगा, ऐसे में कुछ लोग थीसिस को नया बताकर बेच सकते हैं।