भांवरकोल(गाजीपुर)। शेरपुर गांव में शहीद संस्मरण परिषद के तत्वावधान में आयोजित हो रहे प्रथम स्व. शिवशंकर राय मेमोरियल आल इंडिया वॉलीबाल प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला इंडियन नेवी और पंजाब पुलिस के बीच खेला जाएगा । रविवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में इंडियन नेवी ने इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड केरल को लगातार दो सेटों में 25-23 एवं 25-22 से पराजित किया। इसके बाद केरल की टीम ने दमखम दिखाते हुए तीसरा सेट 25-21 से जीत लिया। चौथे सेट में पुन: इंडियन नेवी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए केरल को 24-23 से हरा कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। दूसरा सेमीफाइनल पंजाब पुलिस तथा ओएनजीसी देहरादून के बीच खेला गया। इसमें पंजाब की टीम पहले दो सेट में 29-27 एवं 25-9 से जीती। इसके बाद देहरादून ने 25-17, 25-23 से दो सेट जीते। अंतिम सेट को पंजाब पुलिस ने 16-14 से जीत कर फाइनल में प्रवेश किया।इस मौके पर मुख्य अतिथि द्वय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्यायमूर्ति उमेश कुमार एवं आईजी विजय कुमार मीना ने माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद अधिकारी द्वय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।