गाजीपुर। संचार क्रांति की भूमिका हर क्षेत्र में बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में अब टेलीमेडिसिन के माध्यम से गांव के गरीब मरीजों का इलाज अपोलो जैसे अस्पताल के विशेषज्ञों की ओर से किया जाएगा। प्रदेश में गाजीपुर समेत 16 जनपदों का चयन टेलीमेडिसिन के लिए किया गया है। इस व्यवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गंभीर बीमारियों के मरीजों का इलाज अपोलो हास्पिटल, हैदराबाद के विशेषज्ञ डाक्टरों के द्वारा ऑनलाइन किया जाएगा। इस व्यवस्था को अमली रूप देने के लिए करीब एक माह पूर्व अपोलो हास्पिटल हैदराबाद की दो सदस्यीय टीम गाजीपुर के ग्रामीण इलाकों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर चुकी हैं। इसमें करंडा, मुहम्मदाबाद, सैदपुर, मनिहारी, बिरनों, बारांचवर, कासिमाबाद, जखनिया, जमानिया और भदौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का चयन किया गया है। इन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अपोलो हास्पिटल की ओर से पूरे सेटअप के साथ ही एक आपरेटर नियुक्त किया जाएगा। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक डाक्टर तैनात किया जाएगा जिससे सहभागिता बनी रहेगी। इस बारे में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आरके सिन्हा ने बताया कि संभव है कि अप्रैल माह के अंत तक जनपद के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टेलीमेडिसिन की सुविधा आम लोगों के लिए उपलब्ध हो जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जीसी मौर्य ने बताया कि इस व्यवस्था से कैंसर हृदय रोग सहित कुल 13 गंभीर बीमारियों के मरीजों का इलाज कराया जा सकता है। अपोलो के विशेषज्ञ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सलाह देंगे।