मुहम्मदाबाद। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन गंभीर है। शुक्रवार की दोपहर में उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पुलिस एवं अर्द्ध सैनिक बल के जवानों ने रूटमार्च निकाला। त्यौहार एवं लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की तरफ से कवायद शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में जहां अशांति फैलाने वालों की सूची तैयार कर उन्हें पाबंद करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ लाइसेंसधारी असलहा धारकों से उनके असलहे जमा कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में बिना किसी भय एवं दबाव के मतदान करने के लिए मतदाताओं को प्रेरित किया जा रहा है। लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए नगर में उपजिलाधिकारी राजेश गुप्ता, क्षेत्राधिकारी चंद्रपाल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस एवं अर्द्ध सैनिक बल के जवानों ने रूट मार्च निकाला। मार्च कोतवाली परिसर से शुरू होकर नवापुरा मोड़, यूसुफपुर गंज, फाटक, यूसुफपुर बाजार, तहसील तिराहा, सदर रोड, चौक होते हुए शाहनिंदा तक गया। वहां से वाहनों में सवार होकर जवान वकीलबाड़ी, हाटा रोड होते हुए ग्रामीण क्षेत्र के लिए निकल गए। रूट मार्च में उपजिलाधिकारी राजेश गुप्ता, क्षेत्राधिकारी चंद्रपाल शर्मा, तहसीलदार घनश्याम, प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा सहित पुलिस एवं अर्द्ध सैनिक बल के जवान शामिल रहे।