सादात(गाजीपुर)। पूर्व शिक्षामंत्री एवं स्थानीय समता इंटर एवं पीजी कॉलेज के संस्थापक स्व. कालीचरण यादव की प्रथम पुण्यतिथि एवं प्रतिमा अनावरण तथा सभागार का लोकार्पण समारोह 13 नवंबर को सुबह 10 बजे से आयोजित किया गया है। यह जानकारी देते हुए उनके पुत्र एवं प्रबंधक सभाजीत सिंह यादव ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि वीबीएस पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के कुलपति राजाराम यादव एवं उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कामेश्वरनाथ सिंह होंगे। दोनों कॉलेजों में स्थापित प्रतिमाओं का कुलपति द्वय द्वारा अनावरण और सभागारों को लोकार्पित किया जाएगा। समारोह के विशिष्ट अतिथि शिक्षक एमएलसी चेतनारायण सिंह, मध्य प्रदेश के पूर्व डीजीपी एवं भारत सरकार के रक्षा सलाहकार डॉ. रामलाल यादव, जंगीपुर के विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह, आजमगढ़ के पूर्व सांसद रमाकांत यादव, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, पूर्व सांसद अफजाल अंसारी आदि उपस्थित रहेंगे।