नंदगंज(गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर दोपहर में सिग्नल के सिस्टम में खराबी आ जाने से दो एक्सप्रेस और एक सवारी गाड़ी नंदगंज प्लेटफार्म पर रुकी रही। इसके चलते ट्रेन में यात्रा करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नंदगंज स्टेशन मास्टर की ओर से मैनुअल सिग्नल देकर ट्रेन को रवाना किया गया। गुरुवार को दोपहर में आंकुसपुर और नंदगंज के बीच इलेक्ट्रानिक सिग्नल में अचानक खराबी आ गई। इस कारण नंदगंज स्टेशन पर सद्भावना एक्सप्रेस एवं पवन एक्सप्रेस दस मिनट खड़ी रही जबकि एक सवारी गाड़ी भी 15 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। नंदगंज स्टेशन मास्टर सत्यप्रकाश ने बताया कि आंकुसपुर और नंदगंज के बीच में सिग्नल की खराबी से ट्रेन रुकी रही। मैनुअल सिग्नल के द्वारा ट्रेनों को रवाना किया गया। बताया कि खराब सिग्नल को ठीक कर दिया गया है। ट्रेनों का परिचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है। ट्रेन रवाना होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।