दिलदारनगर (गाजीपुर)। पूर्व मध्य रेलवे दानापुर मंडल के स्थानीय रेलवे स्टेशन पर वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त चंद्रमोहन मिश्र के निर्देश पर बुधवार की शाम महिला जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक एस पाठक के नेतृत्व में स्टेशन पर रुकने वाली अप डाउन के विभिन्न ट्रेनों एवं स्टेशन पर विशेष महिला जागरूकता अभियान चला आएदिन महिलाओं के साथ होने वाले आपराधिक घटनाओं के प्रति जागरूक किया गया। महिला यात्रियों को बताया गया कि यात्रा दौरान अगर कोई परेशानी एवं असामाजिक तत्व किसी किस्म की बाधा पहुंचाता है तो इसकी सूचना तत्काल रेल कंट्रोल एवं आरपीएफ हेल्पलाइन नंबर-182 तथा स्टेशन पर तैनात आरपीएफ/ जीआरपी या किसी रेलवे कर्मचारी को तुरंत दें। इस अवसर पर महिला यात्रियों को जागरूक करने के क्रम रेलवे सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक श्यामबिहारी द्विवेदी ने ट्रेन से सफर करने वाली महिला यात्रियों को पर्ची बांटकर स्थानीय रेलवे स्टेशन पर 182 यात्री सुरक्षा हेल्प लाइन के बारे में बताया गया। महिला यात्रियों को आगाह किया गया कि यात्रा के दौरान किसी भी अपरचित व्यक्ति से मेल-मिलाप न करे न ही उनके द्वारा दिया गया कोई भी पेय पदार्थ, या खाने की वस्तु ग्रहण न करे। बिना किसी पर्याप्त कारण के चैन पुलिंग न करे। इसके आलावा यात्रा कर रही महिलाओं से छेड़छाड़ से सम्बंधित शिकायत को 182 हेल्प लाइन से रेलवे सुरक्षा बल को अवगत कराने को कहा गया, जिससे अविलंब महिला यात्रियों की सहायता की जा सके। इस अभियान में पोस्ट के सहायक उपनिरीक्षक केपी सिंह, योगेंद्र सिंह, घनश्याम यादव, कामेंद्र प्रसाद आदि सुरक्षा कर्मी शामिल रहे।