गाजीपुर। पहली जनवरी 2018 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के संबंध में जिले के विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ राइफल क्लब सभागार में गुरुवार को बैठक हुई। जिलाधिकारी के बालाजी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि निर्वाचन नामावलियों के ड्राफ्ट के प्रकाशन की तिथि 26 दिसंबर तथा दावा-आपत्ति भरने की अवधि 26 दिसंबर से 31 जनवरी 2018 निर्धारित है। बैठक में बताया कि बीएलओ द्वारा ब्लाक स्तर पर घर-घर जाकर विशेष अभियान की तिथि 26 दिसंबर से 31 जनवरी 2018 तक तथा निर्वाचन नामावलियों में छूटे हुए नामों के सत्यापन की तिथि 26 दिसंबर से 31 जनवरी 2018 तक निर्धारित की गई है। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम रूप से प्रकाशन 21 फरवरी को होगा। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से बीएलए की नियुक्ति कर सूची उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्वाचन संबंधी अधिकारियों को निर्देश दिया कि बीएलओ एवं सुपरवाइजर की बैठक अवश्य करा लें। बैठक में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं राजनैतिक दल के पदाधिकारियों में भाकपा के अमेरिका सिंह यादव, कांग्रेस के रविकांत राय, सपा के सदानंद यादव, बसपा के सुभाष चौहान उपस्थित थे।