मरदह (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के गोविंदपुर कीरत गांव निवासी राजेंद्र पांडेय उर्फ गुड्डू पांडेय का पुत्र मनीष पांडेय रविवार की देर शाम स्थानीय बाजार स्थित सैलुन में अपने छोटे भाई के साथ बाल कटवाने गया था। उसी दौरान बाइक सवार दो युवक सैलुन पर पहुंचे और किशोर को बताया कि तुम्हारे पिता का जंगीपुर बाजार में दुर्घटना हो गया है। इसके बाद किशोर दोनों युवकों के साथ बाइक पर बैठक जंगीपुर के लिए रवाना हो गया। युवकों ने रास्ते में किशोर को नशीला पदार्थ पिलाया। इससे वह अचेत हो गया। जब उसकी आंखे खुली तो वह अपने आप को एक ट्रेन में सारनाथ स्टेशन पर पाया। किशोर किसी तरह से अपहरण कर्ताओं के चंगुल छूटकर स्टेशन के बाहर आया और सब्जी विक्रेता के मोबाईल से इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। आनन-फानन में परिजन सारनाथ स्टेशन पहुंचे। परिजनों ने सोमवार को इसकी सूचना थाना पुलिस को देते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि जांच पड़ताल कर उचित कार्रवाई की जाएगी।