प्रधान पद की चार सीटों पर 18 के बीच होगा घमासान
दो को मतदान और चार को होगी गणना
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जिले में ग्राम पंचायत के प्रधान और सदस्यों के रिक्त पदों के उपचुनाव के लिए बुधवार को संबंधित ब्लाक मुख्यालयों पर नाम वापसी हुई। इस दौरान प्रधान पद के छह उम्मीदवारों की तरफ से नाम वापस लिया गया। इसके बाद प्रतीक का आवंटन कर दिया गया। नाम वापसी के बाद अब 18 प्रत्याशियों के बीच चुनावी घमासान होगा।
देवकली ब्लाक के बासूपुर में पांच एवं माऊपारा में तीन तथा जमानिया ब्लाक के अभईपुर के प्रधान पद के लिए पांच प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया था। इसमें बासूपुर में दो, माऊपारा में एक तथा अभईपुर में तीन ने नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद बासूपुर में तीन, माऊपारा में दो एवं अभईपुर में दो प्रत्याशी मैदान में हैं। सुहवल संवाददाता के अनुसार रेवतीपुर ब्लाक के नौली में 11 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। आज नाम वापसी के दिन एक भी प्रत्याशी ने पर्चा वापस नहीं लिया। वहीं उधरनपुर में प्रधान पद तथा विभिन्न विकासखंडों के ग्राम पंचायत सदस्यों के सभी 21 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए। नाम वापसी का कार्य संपन्न होने के बाद प्रतीक चिन्ह आवंटित किए गए। इस दौरान कन्नी, कार, खड़ाऊ, किताब, गदा आदि प्रतीक चिन्ह आवंटित किए गए। प्रतीक मिलते ही सभी उम्मीदवार चुनाव प्रचार में जुट गए। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) राजाराम वर्मा ने बताया कि मतदान दो मार्च को सुबह सात बजे बजे से शाम पांच बजे तक एवं मतगणना चार मार्च को सुबह आठ बजे से कार्य की समाप्ति तक होगी।
0000
फोटो भी