गाजीपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को सीएमओ कार्यालय के सभागार में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। धूम्रपान-तंबाकू उत्पाद का सेवन नहीं करने, बच्चों एवं समाज को इससे दूर रखने आदि की शपथ ली गई। एसीएमओ डॉ. आरके सिन्हा ने बताया कि गंभीर बीमारियों एवं मौत का प्रमुख कारण तंबाकू सेवन है। इसके सेवन से 95 प्रतिशत लोगों को मुंह का कैंसर होता है। यही नहीं किशोरावस्था में इसके सेवन से नपुंसकता आती है। मानसिक स्वास्थ्य पर भी कुप्रभाव पड़ता है। डॉ. अभिषेक ने बताया कि हृदयरोग, मधुमेह, टीबी, लकवा, दृष्टिविहीनता, फेफड़े के रोग एवं श्वांस संबंधित बीमारियां भी तेजी से अपने चपेट में ले लेती हैं। जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रभुनाथ ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर इसका सेवन अपराध है। इससे खुद एवं दूसरों को बचाने की आवश्यकता है। इस मौके पर डॉ. केके सिंह, अशोक कुमार पांडेय, अनिल कुमार वर्मा, तबरेज अंसारी, अमित राय, राघवेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।